फरीदाबाद में 12 फुट लंबा अजगर दिखने से मची दहशत, आगरा नहर में उतरकर हुआ ओझल
सोतई गांव के पास नहर किनारे रेंगता दिखा विशाल अजगर, वन विभाग की टीम पहुंचने से पहले ही पानी में चला गया
भावना कौशिश,फरीदाबाद। जिले के सोतई गांव के समीप आगरा नहर के किनारे सोमवार को एक विशाल अजगर दिखाई देने से आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। करीब 10 से 12 फुट लंबे इस अजगर को देखकर राहगीर और ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोपहर के समय अजगर नहर किनारे रेंगता हुआ दिखाई दिया। देखते ही देखते वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई और कई लोगों ने इसका वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया। घटना की सूचना तुरंत वन्य एवं प्राणी विभाग को दी गई।
हालांकि विभाग की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंचती, उससे पहले ही अजगर धीरे-धीरे आगरा नहर की ओर बढ़ गया और पानी में उतरकर ओझल हो गया। इसके चलते उसे सुरक्षित रेस्क्यू नहीं किया जा सका।
ग्रामीणों का कहना है कि गर्मियों के मौसम में अक्सर अजगर और अन्य वन्य जीव नहर किनारे तथा आसपास के इलाकों में दिखाई देते हैं। उन्होंने बताया कि इस क्षेत्र में पहले भी कई बार अजगर देखे जा चुके हैं।
गौरतलब है कि वन क्षेत्र और नहर के आसपास बसे रिहायशी इलाकों में अजगरों की मौजूदगी की घटनाएं पहले भी सामने आती रही हैं। इससे पहले बीपीटीपी पुल के पास भी एक विशाल अजगर दिखाई दिया था, जिससे लोगों में भय का माहौल बन गया था।




