फरीदाबाद में होटल पर पुलिस का छापा, देह व्यापार के आरोप में 3 गिरफ्तार

होटल के कमरों से 6 युवतियां और 2 युवक मिले; दिल्ली से युवतियों को बुलाने का खुलासा, पुलिस जांच जारी

भावना कौशिश,फरीदाबाद। शहर में अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत फरीदाबाद पुलिस ने एक होटल में छापेमारी कर कथित देह व्यापार के मामले का खुलासा किया है। कार्रवाई के दौरान होटल के विभिन्न कमरों से छह युवतियां और दो युवक संदिग्ध परिस्थितियों में मिले। पुलिस ने मामले में एक महिला और दो पुरुषों को गिरफ्तार किया है, जबकि होटल संचालक के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है।

जानकारी के अनुसार, सेंट्रल महिला थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि एत्मादपुर क्षेत्र की गली नंबर-2 स्थित होटल HR-07 में कथित तौर पर देह व्यापार का धंधा संचालित किया जा रहा है। सूचना के आधार पर सेंट्रल महिला थाना प्रभारी इंस्पेक्टर उषा रानी के नेतृत्व में एक संयुक्त टीम गठित की गई।

संयुक्त टीम ने की छापेमारी

पुलिस टीम में पीएसआई रितु, पीएसआई मोनिका, बीपीटीपी थाना, पल्ला थाना और खेड़ी थाना पुलिस के अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल थे। बुधवार शाम संयुक्त टीम ने होटल में छापेमारी कर विभिन्न कमरों की जांच की।

जांच के दौरान पुलिस को होटल के कमरों में छह युवतियां और दो युवक संदिग्ध परिस्थितियों में मिले। सभी को पूछताछ के लिए हिरासत में लेकर थाने लाया गया।

दिल्ली से बुलाए जाने का आरोप

प्रारंभिक पूछताछ और जांच में पुलिस को जानकारी मिली कि दिल्ली से महिलाओं और युवतियों को फरीदाबाद बुलाया जाता था और उन्हें होटल में ठहराकर कथित रूप से देह व्यापार कराया जाता था। जांच में यह भी सामने आया कि हिरासत में ली गई अधिकांश युवतियां दिल्ली की निवासी हैं।

पुलिस ने मामले में होटल संचालन से जुड़ी एक महिला और दो पुरुषों को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही होटल संचालक के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस

पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस कथित अवैध गतिविधि का संचालन कब से किया जा रहा था और इसमें अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है तथा उनके मोबाइल फोन और अन्य दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है।

एफआईआर दर्ज, कार्रवाई जारी

फरीदाबाद पुलिस के प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और जांच जारी है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर अन्य संदिग्ध व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

उन्होंने कहा कि यदि जांच के दौरान किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने स्पष्ट किया कि शहर में अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

पुलिस की अपील

पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि उन्हें अपने आसपास किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके।

Related Articles

Back to top button