जांच में जुटी पुलिस, रोडवेज के ड्राइवर ने की खुदकुशी

यमुनानगर के टैगोर गार्डन में किराए के मकान में रहने वाले हरियाणा रोडवेज के कर्मचारी शैलेंद्र कुमार ने कमरे में फांसी का फंदा लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई।
रोडवेज बस में चालक के पद पर तैनात था मृतक शैलेंद्र
मृतक शैलेंद्र कुमार यमुनानगर के गांव कलसोरा का रहने वाला है और इसकी आयु 40 से 45 वर्ष के बीच है। मकान मालिक जसवीर कौर ने बताया कि शैलेंद्र कुमार यमुनानगर में रोडवेज बस में चालक के पद पर तैनात था और वह अक्सर उनके घर पर किराए के कमरे में आराम करने के लिए आता है। आज जब देर शाम वह कमरे से नीचे उतर कर नहीं आया तो उन्होंने उसके कमरे का दरवाजा खटखटाया लेकिन कमरे से कोई आवाज नहीं आई। जिसके चलते उन्होंने उसके मोबाइल पर फोन किया लेकिन फोन नहीं उठाया तो उन्होंने कमरे की खिड़की से झांक कर देखा तो वह फंदे पर लटका हुआ था।
वहीं मौके पर पहुंचे डीएसपी जितेंद्र ने बताया कि टैगोर गार्डन में रोडवेज कर्मचारी ने किराए के मकान में फंदा लगाकर सुसाइड करने की सूचना मिली थी। उस सूचना पर मौके पर पहुंचे हैं, साथ ही उन्होंने फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया है। उन्होंने बताया कि परिजनों के बयान के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल शव को कब्जे में ले लिया गया है।
NEWS SOURCE : punjabkesari




