राजीव बिंदल दिल्ली में रुके, हिमाचल भाजपा की 2 टिकटें जल्द होंगी फाइनल

लोकसभा चुनाव को लेकर भाजपा की तरफ से 2 टिकटों को जल्द फाइनल किए जाने की संभावना है। इसी कारण भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डाॅ. राजीव बिंदल फिलहाल दिल्ली में रुके हैं। इसके अलावा कुछ बागियों को भी टिकट देने पर विचार किया जा रहा है। ऐसे में पार्टी में तालमेल बिठाने के लिए 2 पूर्व मंत्रियों वीरेंद्र कंवर एवं डाॅ. रामलाल मारकंडा के दिल्ली जाने की सूचना है। यानी यदि 6 विधानसभा क्षेत्रों में उपचुनाव होते हैं तो कुछ सीटों पर बागी भी चुनाव लड़ेंगे तथा जिनको टिकट नहीं मिलेगा उनको अन्य जगह एडजस्ट किया जाएगा।
कांगड़ा संसदीय क्षेत्र से इनका चल रहा नाम
मौजूदा समय में कांगड़ा संसदीय क्षेत्र से प्रदेश महामंत्री त्रिलोक कपूर के अलावा सुधीर शर्मा एवं राजीव भारद्वाज का नाम चल रहा है। इसी तरह मंडी संसदीय क्षेत्र से प्रदेश महामंत्री बिहारी लाल शर्मा और अजय राणा के साथ नाॅर्थ-ईस्ट में संगठन का काम देख रहे अजय जम्वाल का नाम सुर्खियों में आया है। हालांकि मंडी संसदीय क्षेत्र से नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ही पार्टी की पहली पसंद है लेकिन प्रदेश के मौजूदा सियासी हालात को देखते हुए उनको टिकट दिए जाने पर व्यापक विचार-विमर्श किया जा रहा है।
भाजपा में आक्रोश न हो इसका किया जा रहा प्रयास
कांग्रेस के 6 बागियों को भाजपा में शामिल करने से पहले संगठनात्मक स्तर पर व्यापक चर्चा की जा रही है। इसके तहत इस बात को देखा जा रहा है कि भाजपा के भीतर आक्रोश न हो। ऐसे में भाजपा पहले से ही डैमेज कंट्रोल करके टिकट आबंटन सहित अन्य मामलों में आगे बढ़ना चाहती है।
NEWS SOURCE : punjabkesari




