क्लासरूम में पढ़ रहे बच्चों पर गिरी स्कूल की छत; 15 घायल, 4 की हालत गंभीर

भारत कॉलोनी स्थित हंस मेमोरियल स्कूल में हादसे के बाद मची अफरा-तफरी, पड़ोसी मकान की दीवार गिरने से टूटी छत

भावना कौशिश,फरीदाबाद । फरीदाबाद के भारत कॉलोनी इलाके में स्थित हंस मेमोरियल स्कूल में शुक्रवार को बड़ा हादसा हो गया। स्कूल के साथ लगे एक बंद पड़े मकान की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई, जिसकी चपेट में आकर स्कूल की छत भी ढह गई। उस समय कक्षा में बच्चे पढ़ाई कर रहे थे। अचानक छत गिरने से स्कूल में चीख-पुकार मच गई और बच्चे मलबे में दब गए।

हादसे में करीब 14 से 15 बच्चे घायल बताए जा रहे हैं। इनमें चार बच्चों की हालत गंभीर बनी हुई है, जबकि एक बच्चे के सिर में गंभीर चोट आने के कारण डॉक्टरों को उसके बाल हटाने पड़े। अन्य बच्चों को भी चोटें आई हैं और उनका इलाज जारी है।

जानकारी के अनुसार स्कूल की छत गाटर-पट्टी से बनी हुई थी, जो दीवार गिरने के दबाव को सहन नहीं कर सकी और अचानक टूटकर नीचे आ गिरी। घटना के तुरंत बाद स्कूल प्रशासन ने छुट्टी कर दी और पुलिस व अभिभावकों को सूचना दी गई।

मौके पर पहुंची पुलिस, स्थानीय लोगों और स्कूल स्टाफ की मदद से घायल बच्चों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में अभिभावक स्कूल पहुंच गए और लापरवाही को लेकर जमकर हंगामा किया।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button