फरीदाबाद में ओवरएज वाहनों पर सख्ती, 6 दिन में 73 गाड़ियां जब्त

प्रदूषण और सड़क सुरक्षा को लेकर यातायात पुलिस का विशेष अभियान जारी, वर्ष 2026 में अब तक 254 पुराने वाहन कार्रवाई की जद में

भावना कौशिश,फरीदाबाद। शहर में बढ़ते वायु प्रदूषण और सड़क सुरक्षा संबंधी चुनौतियों को देखते हुए फरीदाबाद यातायात पुलिस ने पुराने और प्रतिबंधित वाहनों के खिलाफ व्यापक अभियान छेड़ रखा है। 16 जून से शुरू हुए विशेष अभियान के तहत महज छह दिनों में 73 ऐसे वाहनों को जब्त किया गया है, जो निर्धारित आयु सीमा पूरी करने के बावजूद सड़कों पर चल रहे थे।

यातायात विभाग द्वारा 10 वर्ष से अधिक पुराने डीजल और 15 वर्ष से अधिक पुराने पेट्रोल वाहनों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि ऐसे वाहन पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने के साथ-साथ सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की सुरक्षा के लिए भी खतरा बन सकते हैं।

पुलिस प्रवक्ता के मुताबिक, वर्ष 2026 में पुराने वाहनों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी है। विभागीय आंकड़ों के अनुसार जनवरी में 5, फरवरी में 2, मार्च में 12, अप्रैल में 14, मई में 102 और 21 जून तक 119 वाहनों को जब्त किया जा चुका है। इस प्रकार चालू वर्ष में कुल 254 वाहनों पर कार्रवाई की गई है।

यातायात पुलिस का कहना है कि समय सीमा पूरी कर चुके वाहन अधिक प्रदूषण फैलाते हैं और उनकी तकनीकी स्थिति भी अक्सर कमजोर हो जाती है, जिससे सड़क दुर्घटनाओं का जोखिम बढ़ जाता है। ऐसे वाहनों का संचालन न केवल कानून का उल्लंघन है बल्कि सार्वजनिक सुरक्षा और पर्यावरण दोनों के लिए हानिकारक है।

पुलिस ने वाहन मालिकों से अपील की है कि वे निर्धारित आयु सीमा पूरी कर चुके वाहनों का उपयोग बंद करें और यातायात नियमों का पालन करें। आने वाले दिनों में भी शहर के प्रमुख मार्गों, चौक-चौराहों और प्रवेश बिंदुओं पर विशेष जांच अभियान जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों को जब्त कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button