प्रतिबंधित दवाइयों पर सख्ती: डीसीपी बल्लभगढ़ ने केमिस्ट संचालकों को दिए अहम निर्देश

मेडिकल स्टोरों पर सीसीटीवी अनिवार्य करने और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील

भावना कौशिश,फरीदाबाद। नशे और प्रतिबंधित दवाइयों के दुरुपयोग पर रोक लगाने के उद्देश्य से डीसीपी बल्लभगढ़ प्रतीक अग्रवाल ने बुधवार को लघु सचिवालय बल्लभगढ़ स्थित अपने कार्यालय में केमिस्ट एवं मेडिकल स्टोर संचालकों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की। बैठक में बल्लभगढ़ जोन के बड़ी संख्या में केमिस्ट और मेडिकल स्टोर संचालकों ने भाग लिया।

बैठक के दौरान डीसीपी ने संचालकों को एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रतिबंधित दवाइयों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी और स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी मेडिकल स्टोर पर प्रतिबंधित दवाइयां न तो रखी जाएं और न ही बेची जाएं। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में मेडिकल स्टोर संचालकों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।

पुलिस अधिकारियों ने सभी संचालकों को अपनी दुकानों पर उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए। साथ ही यह सुनिश्चित करने को कहा गया कि कैमरों की कवरेज दुकान के अंदर और बाहर दोनों क्षेत्रों को पूरी तरह कवर करे, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखी जा सके।

डीसीपी प्रतीक अग्रवाल ने कहा कि मेडिकल स्टोरों पर उपलब्ध दवाइयों का उचित रिकॉर्ड रखा जाना चाहिए और किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को बढ़ावा नहीं दिया जाना चाहिए। उन्होंने निर्देश दिए कि यदि कोई व्यक्ति प्रतिबंधित दवा खरीदने का प्रयास करता है या किसी ग्राहक की गतिविधियां संदिग्ध प्रतीत होती हैं, तो इसकी सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस को दी जाए, ताकि समय रहते आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा सके।

उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे की गिरफ्त में जाने से बचाने और समाज को नशामुक्त बनाने के लिए पुलिस और केमिस्ट संचालकों के बीच बेहतर समन्वय बेहद जरूरी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी मेडिकल स्टोर संचालक कानून का पालन करते हुए नशे के खिलाफ अभियान में फरीदाबाद पुलिस का सहयोग करेंगे।

बैठक में उपस्थित केमिस्ट एवं मेडिकल स्टोर संचालकों ने भी पुलिस प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का भरोसा दिलाया और नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में सक्रिय भागीदारी का आश्वासन दिया।

Related Articles

Back to top button