रेहड़ी लगाने के नाम पर रंगदारी मांगने वाला मुख्य आरोपी गिरफ्तार, बंधक बनाकर की थी बेरहमी से पिटाई

डबुआ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, मुख्य आरोपी पुलिस रिमांड पर; पैसे नहीं देने पर युवक को बंधक बनाकर दी थी जान से मारने की धमकी

भावना कौशिश,फरीदाबाद।  फरीदाबाद के डबुआ थाना क्षेत्र में युवक को बंधक बनाकर मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान दिशान उर्फ बोंचा, निवासी डबुआ कॉलोनी, के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है, जहां उससे मामले में गहन पूछताछ की जा रही है। इससे पहले पुलिस इस मामले में एक किशोर समेत दो आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, डबुआ कॉलोनी निवासी राहुल ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 26 जून को दिशान उर्फ बोंचा, चिराग और मोहित उसे तथा उसके साथी जितेंद्र को प्याली चौक के पास स्थित एक खाने की दुकान से जबरन स्कूटी पर बैठाकर डबुआ कॉलोनी के एक मकान में ले गए। वहां दोनों को बंधक बनाकर डंडों से बेरहमी से पीटा गया और जान से मारने की धमकी दी गई।

शिकायत के आधार पर थाना डबुआ में आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि शिकायतकर्ता राहुल और उसका साथी डबुआ मंडी के बाहर रेहड़ी लगाकर अपना गुजर-बसर करते हैं। आरोपी दिशान उर्फ बोंचा और उसका साथी मन्नू कथित तौर पर रेहड़ी लगाने के बदले उनसे अवैध रूप से पैसों की मांग कर रहे थे। जब राहुल ने पैसे देने से इनकार किया तो आरोपियों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर दोनों युवकों का अपहरण जैसा करते हुए उन्हें जबरन एक मकान में ले जाकर बंधक बना लिया।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने वहां दोनों युवकों के साथ डंडों से मारपीट की और लगातार पैसे देने का दबाव बनाते हुए जान से मारने की धमकी भी दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

फिलहाल आरोपी पुलिस रिमांड पर है और उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है और जल्द ही उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button