किडनैप कर तीन लोगों ने किया गैंगरेप, चेहरे-सिर-गुप्तांगों पर हथौड़े से मारा, बुजुर्ग विधवा के साथ हैवानियत

महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। मुंबई के ट्रॉम्बे में एक बुजुर्ग विधवा के साथ हैवानियत की सारी हदें पार की गईं। महिला को किडनैप कर दो से तीन लोगों ने गैंगरेप किया। इतना ही नहीं, इन अपराधियों ने विधवा की बेरहमी से पिटाई भी की। अपराधियों ने विधवा को हथौड़े से मारे, जिससे वह बेहोश हो गई। इसके बाद महिला को मरी हुई समझ कर अपराधी वहां से भाग निकले। मुंबई पुलिस ने बताया कि 38 वर्षीय आरोपी उमेश गुलाबराव को रेप और हमला करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 376, 376 (2) (एन), 325, 323 और 504 के तहत मामला दर्ज किया है। महिला की हालत गंभीर है और अस्पताल में भर्ती है।

पीड़िता की बेटी ने दर्ज कराई शिकायत

विधवा की उम्र 64 वर्ष बताई गई है। घटना की जानकारी पुलिस ने मंगलवार को दी। पीड़िता की बेटी की ओर से दर्ज कराई गई शिकायत के मुताबिक, उसकी मां सोमवार रात कुर्ला के नेहरू नगर इलाके में पास के खंडोबा मंदिर में पूजा करने गई थी। बताया गया कि वहां कम से कम तीन लोगों ने उसका पीछा किया और अपहरण कर उसे अपने साथ ट्रॉम्बे में ठाणे क्रीक के पास एक सुनसान जगह पर ले गए।

महिला के शरीर पर नहीं था कोई वस्त्र

शिकायत में आगे कहा गया है कि इन लोगों ने महिला के साथ बेरहमी से दुष्‍कर्म किया। दरिंदों ने पीड़िता के चेहरे, सिर, गुप्तांगों और अन्‍य अंगों पर बार-बार हथौड़े से वार किया, जिससे वह गिर गई और निर्जन खाड़ी क्षेत्र में बेहोश हो गई, उसके शरीर पर कोई वस्‍त्र नहीं था। बेटी की शिकायत के अनुसार, उसे मरी हुई मानकर तीनों दरिंदे अंधेरे फायदा उठाकर भाग गए। मंगलवार सुबह लगभग 5 बजे एक स्थानीय महिला ने बुजुर्ग पीड़िता को बिना कपड़े, खून बहते हुए और मदद की गुहार लगाते हुए देखा।

सिर पर चोट, सीटी स्कैन किया जाएगा

उनकी रोती हुई बेटी ने मंगलवार देर रात बताया कि उस दयालु महिला ने पहले उसे पहनने के लिए एक गाउन दिया। उसने पुलिस को सूचित किया, जो घटनास्थल पर पहुंची। ट्रॉम्बे पुलिस स्टेशन के एक अधिकारी ने कहा कि वे पीड़िता को तुरंत घाटकोपर में बीएमसी के राजावाड़ी अस्पताल ले गए और उसके सिर की चोटों के कारण उसका सीटी स्कैन किया जाएगा। अधिकारी ने कहा कि एक युवक को हिरासत में लिया गया है और उसके साथियों के बारे में पूछताछ की जा रही है। महिला अपनी बेटी और 9 साल की नतिनी के साथ रहती है। वह स्थानीय बाजारों में मछली और झाड़ू बेचकर जीविकोपार्जन करती है।

NEWS SOURCE : indiatv

Related Articles

Back to top button