चाकू के बल पर फोन और बैग छीनने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

अपराध शाखा सेक्टर-48 की कार्रवाई, छीना गया मोबाइल बरामद

भावना कौशिश,फरीदाबाद। मुकेश कॉलोनी बल्लभगढ़ में चाकू के बल पर एक व्यक्ति से मोबाइल फोन और बैग छीनने के मामले में अपराध शाखा सेक्टर-48 की टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जतिन तथा नितेश के रूप में हुई है। पुलिस ने छीना गया मोबाइल फोन बरामद कर लिया है।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार सरित पुंडिर ने थाना आदर्श नगर में दी शिकायत में बताया कि 15/16 मई की रात वह बल्लभगढ़ बस स्टैंड से अपने घर जा रहा था। जब वह मुकेश कॉलोनी मुख्य सड़क पर पहुंचा तो तीन मोटरसाइकिल सवार युवकों ने उसे रोक लिया और चाकू दिखाकर उसका मोबाइल फोन व बैग छीन लिया।

शिकायत के आधार पर थाना आदर्श नगर में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान अपराध शाखा सेक्टर-48 की टीम ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी जतिन ने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया था। घटना के दौरान इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल जतिन की थी और वही मोटरसाइकिल चला रहा था। वारदात के बाद छीना गया मोबाइल फोन आरोपी नितेश को बेच दिया गया था।

पुलिस ने नितेश से छीना गया मोबाइल बरामद कर लिया है। वहीं, अन्य आरोपियों की जानकारी जुटाने के लिए जतिन को दो दिन के पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है।

Related Articles

Back to top button