धौज PHC में महिला स्टाफ असुरक्षित: अभद्रता और असामाजिक तत्वों से परेशान डॉक्टर-नर्सों ने उठाई सुरक्षा की मांग
अस्पताल परिसर में सुरक्षा गार्डों की कमी, शराबखोरी और फब्तियां कसने के आरोप; प्रशासन से अतिरिक्त सुरक्षा और पुलिस गश्त की मांग
भावना कौशिश,फरीदाबाद। जिले के धौज गांव स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) में सुरक्षा व्यवस्था की कमी को लेकर महिला डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ ने गंभीर चिंता जताई है। उनका आरोप है कि अस्पताल परिसर और उसके आसपास असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है, जो छुट्टी के समय महिला कर्मचारियों के साथ अभद्र व्यवहार करते हैं और फब्तियां कसते हैं। कई बार शिकायत करने के बावजूद अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से महिला कर्मचारी भय के माहौल में काम करने को मजबूर हैं।
17 साल से कार्यरत नर्स ने बयां की परेशानी
स्टाफ नर्स पूनम, जो पिछले 17 वर्षों से धौज पीएचसी में सेवाएं दे रही हैं, ने बताया कि अस्पताल में पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था नहीं है। अस्पताल में स्थायी सुरक्षा गार्डों की कमी के कारण कोई भी व्यक्ति बिना रोक-टोक परिसर में प्रवेश कर जाता है। ऐसे में यह पहचानना मुश्किल हो जाता है कि कौन मरीज का परिजन है और कौन बाहरी व्यक्ति।
अस्पताल परिसर में शराबखोरी का आरोप
पूनम के अनुसार, रात के समय कुछ लोग अस्पताल परिसर में पेड़ों के पीछे बैठकर शराब पीते हैं। उन्हें वहां से हटाने का प्रयास करने पर वे गाली-गलौज करने लगते हैं। वहीं, शाम को ड्यूटी खत्म होने के बाद अस्पताल गेट के बाहर बैठे कुछ असामाजिक तत्व महिला डॉक्टरों और नर्सों पर अभद्र टिप्पणियां करते हैं, जिससे वे खुद को असुरक्षित महसूस करती हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि अस्पताल परिसर में बने स्टाफ क्वार्टरों में रहने वाली महिला कर्मचारियों को भी आए दिन परेशान किया जाता है। कई बार नशे में धुत लोग रात के समय क्वार्टरों के दरवाजे खटखटाकर भाग जाते हैं और अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हैं। इससे महिला कर्मचारियों और उनके परिवारों में भय का माहौल बना रहता है।
बार-बार शिकायत, फिर भी नहीं हुआ समाधान
नर्सिंग स्टाफ का कहना है कि इस समस्या को लेकर कई बार सिविल सर्जन और अस्पताल प्रशासन को लिखित शिकायत दी जा चुकी है। पुलिस से भी नियमित गश्त बढ़ाने की मांग की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। कर्मचारियों ने अस्पताल में पर्याप्त सुरक्षा गार्ड तैनात करने और पुलिस की नियमित गश्त सुनिश्चित करने की मांग की है।
अतिरिक्त सुरक्षा गार्डों की मांग भेजी गई
धौज पीएचसी के मेडिकल ऑफिसर डॉ. यतेंद्र कुमार ने बताया कि फिलहाल अस्पताल में केवल एक सुरक्षा गार्ड तैनात है। पहले उसकी ड्यूटी रात में होती थी, लेकिन वर्तमान में उसे दिन की शिफ्ट में लगाया गया है।
उन्होंने बताया कि दो अतिरिक्त सुरक्षा गार्डों और एक सफाई कर्मचारी की नियुक्ति के लिए उच्च अधिकारियों को पत्र भेजा गया है, लेकिन अभी तक स्वीकृति नहीं मिली है। अस्पताल के बाहर असामाजिक तत्वों की मौजूदगी को लेकर पुलिस को मौखिक रूप से अवगत कराया जा चुका है और जल्द ही इस संबंध में लिखित शिकायत भी दी जाएगी, ताकि नियमित पुलिस गश्त सुनिश्चित हो सके।
डॉ. यतेंद्र कुमार ने कहा कि अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध होने से महिला डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ को सुरक्षित वातावरण मिलेगा और वे बिना किसी भय के अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर सकेंगी।




