बैलगाड़ियों से हो रही थी यमुना रेती की चोरी, फरीदाबाद पुलिस ने 6 आरोपितों को दबोचा
तिगांव क्षेत्र में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, यमुना रेती से भरी 7 बैलगाड़ियां जब्त; गढ़ी घाट-मंझावली क्षेत्र से चोरी कर बेचते थे रेती
भावना कौशिश,फरीदाबाद। फरीदाबाद पुलिस द्वारा अवैध खनन के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में थाना तिगांव क्षेत्र में पुलिस ने बैलगाड़ियों के जरिए यमुना रेती चोरी करने वाले 6 आरोपितों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई ERV-211 पुलिस टीम द्वारा 18 मई को माझांवली-तिगांव रोड पर की गई।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार गश्त के दौरान सूचना मिली थी कि कुछ लोग बैलगाड़ियों में अवैध रूप से यमुना रेती भरकर ला रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की और जितेंद्र उर्फ बिट्टू, वीरेंद्र उर्फ लीले, दीपक, देशराज उर्फ देशी निवासी गांव तिगांव, रोहित उर्फ सोनू निवासी गांव बुआपुर तथा बिल्लू निवासी गांव मंझावली को काबू किया।
पुलिस जांच में सामने आया कि सभी आरोपित गढ़ी घाट और यमुना नदी के मंझावली क्षेत्र से अवैध रूप से रेती चोरी कर आसपास के इलाकों में बेचते थे। पुलिस ने मौके से यमुना रेती से भरी 7 बैलगाड़ियों को कब्जे में लिया है।
सभी आरोपितों के खिलाफ थाना तिगांव में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।




