फरीदाबाद में ऑनलाइन तरबूज खरीदना पड़ा महंगा, आढ़ती से 2.30 लाख की साइबर ठगी

फर्जी व्यापारी ने थोक में सस्ता माल देने का झांसा दिया, वीडियो भेजकर बनाया भरोसा,भुगतान लेने के बाद फोन बंद कर हुआ फरार

भावना कौशिश,फरीदाबाद। ऑनलाइन कारोबार के बढ़ते चलन के बीच साइबर ठग अब फल-सब्जी व्यापारियों को भी निशाना बना रहे हैं। फरीदाबाद के एक आढ़ती को ऑनलाइन तरबूज खरीदना भारी पड़ गया, जब एक कथित व्यापारी ने थोक में तरबूज बेचने का झांसा देकर उससे 2.30 लाख रुपये ठग लिए।

एनआईटी-1 निवासी सुदर्शन कुमार, जिनकी डबुआ कॉलोनी में आढ़त है, ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि कुछ दिन पहले उनके व्हाट्सएप पर एक व्यक्ति का संदेश आया। उसने अपना नाम दीपक बताते हुए दावा किया कि उसके पास बड़ी मात्रा में तरबूज का स्टॉक उपलब्ध है और वह थोक भाव में बिक्री करता है।

सुदर्शन कुमार उसकी बातों में आ गए और माल खरीदने के लिए सहमत हो गए। भरोसा जीतने के लिए आरोपी ने तरबूज के स्टॉक की तस्वीरें और लोड हो रहे ट्रकों के वीडियो भी भेजे। इसके बाद शिकायतकर्ता ने अपने मुनीम के फोन से आरोपी द्वारा बताए गए बैंक खाते में टोकन राशि भेज दी।

आरोपी ने 17 से 19 मई के बीच अलग-अलग किश्तों में कुल 2.30 लाख रुपये अपने खाते में ट्रांसफर करा लिए। इतना ही नहीं, उसने माल लेकर आने वाले दो ट्रक चालकों के मोबाइल नंबर भी उपलब्ध कराए, जिनसे सुदर्शन कुमार की बातचीत भी हुई।

हालांकि कुछ समय बाद दोनों चालकों के मोबाइल नंबर बंद हो गए। जब शिकायतकर्ता ने आरोपी दीपक से संपर्क करने की कोशिश की तो उसका फोन भी बंद मिला। तब उन्हें अपने साथ हुई ठगी का एहसास हुआ।

मामले की शिकायत मिलने पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

Related Articles

Back to top button