वाहन चोरी के मामले में आरोपी गिरफ्तार, चोरी की स्कूटी बरामद
अपराध शाखा सेक्टर-56 की कार्रवाई, पल्ला थाना क्षेत्र से चोरी हुई स्कूटी के साथ आरोपी दबोचा गया
फरीदाबाद। वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए फरीदाबाद पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में अपराध शाखा सेक्टर-56 की टीम ने वाहन चोरी के एक मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की गई स्कूटी बरामद की है।
पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान अनिकेत निवासी संजय कॉलोनी, सेक्टर-23 फरीदाबाद के रूप में हुई है। अपराध शाखा की टीम ने उसे मेट्रो फ्लैट, सेक्टर-56 के पास से चोरीशुदा स्कूटी सहित गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार एत्मादपुर निवासी इन्द्रजीत ने थाना पल्ला में शिकायत दर्ज करवाई थी कि 5 जनवरी 2025 को उसने अपनी स्कूटी एत्मादपुर सब्जी मंडी में खड़ी की थी, जिसे अज्ञात चोर चोरी कर ले गया। शिकायत के आधार पर थाना पल्ला में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
जांच के दौरान अपराध शाखा सेक्टर-56 की टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी नशा करने का आदी है और उसके खिलाफ पहले भी वाहन चोरी का एक मामला दर्ज है।
पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। वहीं बरामद स्कूटी को कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उसके मालिक को सौंपने की कार्रवाई की जा रही है।




