गोदाम से लोहे के पाइप चोरी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, चोरी का माल और ऑटो बरामद
कर्मचारी ने ऑटो चालक के साथ मिलकर रची थी साजिश, अपराध शाखा सेक्टर-56 ने किया खुलासा
भावना कौशिश,फरीदाबाद। गोदाम से लोहे के पाइप चोरी करने के मामले में अपराध शाखा सेक्टर-56 की टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरीशुदा पाइप और वारदात में इस्तेमाल किया गया ऑटो बरामद किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार सेक्टर-9 निवासी प्रमोद ने शिकायत दर्ज कराई थी कि तिकोना पार्क स्थित उनकी फर्म सुपर सैनिटरी सेल्स के गोदाम में स्टॉक की जांच के दौरान कुछ लोहे के पाइप कम पाए गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना कोतवाली में चोरी की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान अपराध शाखा सेक्टर-56 की टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी शाहरुख निवासी पर्वतीय कॉलोनी और सुरेश कुमार निवासी एसी नगर, फरीदाबाद को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी सुरेश शिकायतकर्ता के गोदाम में काफी समय से कार्यरत था और उसे गोदाम की गतिविधियों की पूरी जानकारी थी। उसने ऑटो चालक शाहरुख के साथ मिलकर चोरी की योजना बनाई। तय योजना के अनुसार सुरेश ने शाहरुख को ऑटो लेकर गोदाम पर बुलाया और दोनों ने मिलकर वहां से लोहे के पाइप चोरी कर लिए।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी चोरी किए गए पाइपों को बेचने की तैयारी में थे, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरीशुदा पाइप और वारदात में इस्तेमाल किया गया ऑटो बरामद कर लिया है।
पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद दोनों आरोपियों को माननीय अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।




