फरीदाबाद में सफाई कर्मचारियों का अल्टीमेटम, 13 हजार कर्मचारियों को पक्का करने की मांग तेज

1-2 जुलाई को निगम मुख्यालय पर झाड़ू प्रदर्शन, मांगें पूरी नहीं होने पर 6 से 8 अगस्त तक हड़ताल की चेतावनी

भावना कौशिश,फरीदाबाद। अपनी लंबित मांगों को लेकर सफाई कर्मचारी यूनियन ने सरकार और नगर निगम प्रशासन के खिलाफ आंदोलन तेज करने का ऐलान किया है। यूनियन के प्रतिनिधिमंडल ने निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा को मंत्री विपुल गोयल के नाम ज्ञापन सौंपते हुए मांगों पर जल्द कार्रवाई की मांग की।

सफाई कर्मचारी यूनियन के जिला प्रधान बलबीर सिंह ने बताया कि यूनियन लंबे समय से 13 हजार कर्मचारियों को स्थायी करने, पुरानी पेंशन योजना बहाल करने और ठेकेदारी प्रथा समाप्त करने की मांग कर रही है। इन मांगों को लेकर मई माह में पूरे हरियाणा में 1 से 14 मई तक हड़ताल भी की गई थी, लेकिन सरकार की ओर से अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया।

उन्होंने कहा कि मांगों के समर्थन में 1 और 2 जुलाई को नगर निगम मुख्यालय पर झाड़ू प्रदर्शन किया जाएगा। इसके अलावा 7 जुलाई को एक गेट मीटिंग आयोजित की जाएगी, जिसमें आंदोलन की आगामी रणनीति तय की जाएगी।

यूनियन ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया, तो 6 अगस्त से 8 अगस्त तक तीन दिवसीय हड़ताल की जाएगी। बलबीर सिंह ने आरोप लगाया कि सरकार ने पहले उनकी मांगों पर सहमति और समाधान का आश्वासन दिया था, लेकिन अब वह अपने वादों से पीछे हट रही है।

यूनियन का कहना है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक उनका संघर्ष जारी रहेगा।

Related Articles

Back to top button