फरीदाबाद में ‘ड्रग्स फ्री हरियाणा’ अभियान का समापन: 16 दिन की जागरूकता यात्रा पहुंची अंतिम पड़ाव पर

डीसीपी हिमाद्री कौशिक ने कहा- दृढ़ संकल्प, परिवार का सहयोग और खेलकूद से नशे की लत को हराया जा सकता है; पिछले एक साल में ढाई लाख लोगों को किया गया जागरूक

भावना कौशिश,फरीदाबाद। अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स निरोधक दिवस के अवसर पर शुक्रवार को फरीदाबाद पुलिस और हरियाणा राज्य नारकोटिक कंट्रोल ब्यूरो द्वारा “ड्रग्स फ्री हरियाणा” अभियान के तहत संयुक्त जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन एनएचपीसी कॉम्प्लेक्स, सूरजकुंड रोड, सेक्टर-41 में किया गया। 11 जून को सिरसा से शुरू हुई 16 दिवसीय जागरूकता यात्रा का समापन फरीदाबाद में हुआ।

यह अभियान मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के “नशा मुक्त हरियाणा” के संकल्प को साकार करने की दिशा में चलाया गया। पुलिस महानिदेशक हरियाणा श्री अजय सिंघल की प्रेरणा, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक श्री संजय कुमार के मार्गदर्शन तथा पुलिस आयुक्त फरीदाबाद श्री सतेंद्र कुमार गुप्ता के संयोजन में इस राज्यव्यापी अभियान का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का आयोजन एनएचपीसी के सीएमडी श्री भूपेंद्र गुप्ता के सहयोग से किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ एनएचपीसी के जनरल मैनेजर आशुतोष मिश्रा ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन जनरल मैनेजर राजेश ने दिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पुलिस उपायुक्त यातायात श्री जयवीर राठी ने की।

मुख्य अतिथि पुलिस उपायुक्त मुख्यालय हिमाद्री कौशिक ने अपने संबोधन में कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल पुलिस की नहीं बल्कि पूरे समाज की जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि फरीदाबाद पुलिस ने पिछले एक वर्ष के दौरान 500 से अधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर लगभग ढाई लाख लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया है।

डीसीपी हिमाद्री कौशिक ने कहा कि यदि व्यक्ति दृढ़ संकल्प ले, परिवार उसका साथ दे और वह खेलकूद व सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ जाए तो नशे जैसी गंभीर लत से भी छुटकारा पाया जा सकता है। उन्होंने उपस्थित लोगों से अपने-अपने क्षेत्र में नशा विरोधी संदेश पहुंचाने और कम से कम पांच लोगों को जागरूक करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में एनएचपीसी की ओर से स्वास्थ्य विशेषज्ञ डॉ. वत्सल और डॉ. सतरूपा भट्टाचार्य ने भी अपने विचार साझा किए। डॉ. भट्टाचार्य ने पुलिस विभाग के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि वर्दीधारी हमारे समाज की सुरक्षा का सबसे मजबूत आधार हैं। कार्यक्रम का संचालन पुलिस महानिदेशक कार्यालय, पंचकूला के आउटरीच प्रभारी राजीव रंजन ने किया।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि 11 जून को चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय, सिरसा से शुरू हुई यह जागरूकता यात्रा फतेहाबाद, पंचकूला, यमुनानगर, पानीपत, कैथल, झज्जर, सोनीपत और गुरुग्राम से होते हुए 26 जून को फरीदाबाद पहुंचकर संपन्न हुई।

निरीक्षक सुनीता, प्रभारी सामुदायिक पुलिसिंग टीम ने फरीदाबाद पुलिस द्वारा चलाए जा रहे जागरूकता अभियानों की जानकारी दी तथा शैक्षणिक संस्थानों के सहयोग की सराहना की। कार्यक्रम के दौरान चित्रकार फरहीन, किशोर, सफिया, मोनिका और इकरा द्वारा नशे के दुष्परिणामों पर बनाई गई पेंटिंग्स आकर्षण का केंद्र रहीं।

फरीदाबाद पुलिस ने बताया कि जागरूकता अभियान के साथ-साथ नशा तस्करों के खिलाफ भी लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। वर्ष 2025 में एनडीपीएस एक्ट के तहत 467 मामले दर्ज कर 500 से अधिक आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जिसके चलते फरीदाबाद पुलिस प्रदेश में प्रथम स्थान पर रही। वहीं वर्ष 2026 में अब तक 238 मामले दर्ज कर 300 से अधिक आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

पुलिस ने इस वर्ष अब तक 207 किलोग्राम गांजा, 1 किलोग्राम से अधिक चरस, 2.219 किलोग्राम अफीम, 193 ग्राम स्मैक, 171 प्रतिबंधित इंजेक्शन तथा 2,953 प्रतिबंधित टैबलेट्स बरामद की हैं।

कार्यक्रम में विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों के प्रधानाचार्य, शिक्षक, विद्यार्थी, स्वास्थ्य विभाग की टीम, एसीपी एनआईटी विनोद कुमार, एसीपी बल्लभगढ़ रवि कुमार, डीएसपी जितेंद्र राणा, हरियाणा राज्य नारकोटिक कंट्रोल ब्यूरो के अधिकारियों सहित फरीदाबाद पुलिस के अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button