फेसबुक पर निवेश का झांसा देकर 5.75 लाख की साइबर ठगी, दिल्ली से खाता ऑपरेटर गिरफ्तार
Axis Securities के नाम से फर्जी निवेश योजना का जाल; साइबर थाना एनआईटी ने आरोपी को 2 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया
भावना कौशिश,फरीदाबाद। फेसबुक पर फर्जी निवेश योजना का झांसा देकर 5.75 लाख रुपये की साइबर ठगी करने के मामले में फरीदाबाद पुलिस की साइबर थाना एनआईटी टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दिल्ली से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान संदीप कुमार, निवासी पाईसोर, जिला नालंदा (बिहार), हाल निवासी हनुमान गंज, बुराड़ी (दिल्ली) के रूप में हुई है। आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, सीकरी निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दी थी कि वह फेसबुक चला रहा था, तभी उसे “Axis Security/Axis Securities” के नाम से शेयर ट्रेडिंग से जुड़ा एक विज्ञापन दिखाई दिया। विज्ञापन पर क्लिक करने के बाद उसे एक व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ लिया गया, जहां “ब्लॉक ट्रेडिंग” के नाम पर निवेश कर भारी मुनाफा कमाने का लालच दिया गया।
शिकायतकर्ता को ठगों ने Axis Securities की तर्ज पर बनाई गई एक फर्जी वेबसाइट पर लॉगिन कराया और निवेश के नाम पर अलग-अलग चरणों में उससे कुल 5.75 लाख रुपये जमा करवा लिए। बाद में जब उसे अपने साथ हुई धोखाधड़ी का पता चला तो उसने साइबर थाना एनआईटी में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि गिरफ्तार आरोपी संदीप नरेला स्थित एक निजी कंपनी में काम करता है। उसकी मुलाकात साइबर ठगों से टेलीग्राम के माध्यम से हुई थी। पूछताछ में सामने आया कि उसकी बातचीत आंध्र प्रदेश निवासी हनीफ से हुई, जो बैंक खाता उपलब्ध कराने के लिए दिल्ली आया था।
पुलिस के अनुसार, संदीप ने हनीफ के बैंक खाते का संचालन किया और ठगी की रकम में से 4,27,333 रुपये ऑनलाइन माध्यम से आगे साइबर ठगों तक पहुंचाए। इस मामले में खाताधारक हनीफ को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।
फिलहाल साइबर थाना एनआईटी की टीम आरोपी से पुलिस रिमांड के दौरान पूछताछ कर रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस साइबर ठगी गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा ठगी की रकम कहां-कहां ट्रांसफर की गई। मामले में आगे की जांच जारी है।




