गुरुग्राम-फरीदाबाद रोड पर बड़ा हादसा, हनुमान मंदिर के पास पलटा ट्रक

पिकअप के अचानक ब्रेक लगाने से बिगड़ा संतुलन, ट्रक सड़क किनारे पलटा; चालक सुरक्षित, कई किलोमीटर लंबा जाम

भावना कौशिश,फरीदाबाद। फरीदाबाद-गुरुग्राम रोड पर शुक्रवार तड़के एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। हनुमान मंदिर के पास एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे सड़क पर लंबा जाम लग गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई और ट्रक चालक सुरक्षित बच गया।

जानकारी के अनुसार यह हादसा सुबह करीब साढ़े तीन बजे हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों और ट्रक चालक ने बताया कि आगे चल रही एक पिकअप गाड़ी ने स्पीड ब्रेकर पर अचानक ब्रेक लगा दिए। इसी दौरान पीछे आ रहे एक कैंटर चालक ने कट मार दिया, जिससे स्थिति और अधिक गंभीर हो गई।

टक्कर से बचने के प्रयास में ट्रक चालक ने वाहन को सड़क से नीचे कच्चे हिस्से की ओर मोड़ दिया, लेकिन संतुलन बिगड़ने के कारण ट्रक पलट गया। हादसे के समय ट्रक में केवल चालक मौजूद था, जिसे कोई गंभीर चोट नहीं आई।

हादसे के बाद गुरुग्राम-फरीदाबाद रोड पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हुई। सुबह के समय कार्यालय और अन्य कार्यों के लिए निकलने वाले लोगों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

घटना की सूचना मिलते ही एनएचएआई की टीम और स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंच गया। सबसे पहले ट्रक में भरे सामान को खाली कराया गया, जिसके बाद क्रेन की मदद से पलटे हुए ट्रक को हटाने की कार्रवाई शुरू की गई।

प्रशासन ने ट्रैफिक को सामान्य करने के लिए तत्काल कदम उठाए और धीरे-धीरे वाहनों की आवाजाही बहाल कराई। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का विस्तृत पता लगाया जा रहा है।

सड़क सुरक्षा विशेषज्ञों का कहना है कि हाईवे और व्यस्त मार्गों पर अचानक ब्रेक लगाने और लापरवाही से कट मारने जैसी घटनाएं गंभीर हादसों का कारण बन सकती हैं। ऐसे में वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करते हुए सावधानी बरतने की आवश्यकता है।

Related Articles

Back to top button