अवैध शराब तस्करी पर फरीदाबाद पुलिस की बड़ी कार्रवाई, तीन गिरफ्तार
अलग-अलग स्थानों से 161 पव्वे और 13 अध्धे देशी शराब बरामद, आबकारी अधिनियम के तहत दर्ज हुए मामले
भावना कौशिश,फरीदाबाद। अवैध शराब की तस्करी, भंडारण और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत फरीदाबाद पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से कुल 161 पव्वे और 13 अध्धे अवैध देशी शराब बरामद की है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार थाना ओल्ड फरीदाबाद की टीम ने कार्रवाई करते हुए बसेलवा कॉलोनी निवासी साहिल खान उर्फ सोनू हकला को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 44 पव्वे देशी शराब बरामद हुई।
एक अन्य कार्रवाई में अपराध शाखा बॉर्डर की टीम ने संजय एन्क्लेव पार्ट-1 निवासी सुमित को गिरफ्तार किया। आरोपित के पास से 56 पव्वे देशी शराब बरामद की गई।
वहीं अपराध शाखा एवीटीएस सिकरोना की टीम ने गांव दयालपुर निवासी तथा वर्तमान में गांव चंदावली में रह रहे सुनील को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके कब्जे से 48 पव्वे और 13 अध्धे देशी शराब बरामद की।
फरीदाबाद पुलिस ने तीनों आरोपितों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामले दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे तत्वों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।




