भ्रष्टाचार व बेरोजगारी की सौगात दी, भाजपा ने नौ साल में जनता को झूठ, छल, प्रपंच: कुमारी सैलजा

हिसार : अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की राष्ट्रीय महासचिव व पूर्व केंद्रीय मंत्री कुमारी सैलजा ने स्वर्गीय चौ. दलबीर सिंह की 36वीं पुण्यतिथि पर आयोजित हवन-यज्ञ में हिस्सा लेकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। हवन-यज्ञ के उपरांत पत्रकारों को संबोधित करते हुए कांग्रेस कार्य समिति की सदस्य और हरियाणा कांग्रेस की पूर्व प्रदेशाध्यक्ष कुमारी सैलजा ने सरकार पर जमकर निशाना साधा।

सैलाजा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी हरियाणा में नौ वर्ष पूरे होने पर जश्न मना रही है जबकि वास्तविकता तो यह है कि भाजपा ने प्रदेश में झूठ, छल, प्रपंच, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी व महंगाई के नौ साल पूरे किए हैं। स्कूल बंद किए जा रहे हैं और किसी न किसी बहाने से बुजुर्गों व महिलाओं की पेंशन काटी जा रही है। कुमारी सैलजा ने कहा कि रोजगार के नाम पर युवाओं को बरगलाया जा रहा है और नौकरियों के नाम पर भ्रष्टाचार व्याप्त है। उन्होंने कहा कि हरियाणा खराब कानून व्यवस्था के दौर से गुजर रहा है। कहीं हत्याएं हो रही हैं तो कहीं लूटपाट हो रही है। रंगदारी और फिरौती की घटनाएं भी लगातार बढ़ रही हैं। हर व्यक्ति अपने आप को असुरक्षित महसूस कर रहा है।

उन्होंने कहा कि भाजपा जिसे सुशासन कहती है उसमें गरीबों की कोई सुनवाई नहीं हो रही है। जनहित के कार्य करने की अपेक्षा भाजपा केवल घोषणाओं से लीपापोती कर रही है। भाजपा-जजपा गठबंधन पर सवाल उठाते हुए कुमारी सैलजा ने कहा कि यह गठबंधन जनता के विकास के लिए नहीं हुआ बल्कि लोगों को ठगने व भ्रष्टाचार के लिए हुआ है। कर्मचारी, किसान, शिक्षक व बुजुर्गों सहित ऐसा कोई वर्ग नहीं होगा जो भाजपा-जजपा गठबंधन की नीतियों से परेशान न हो। उन्होंने कहा कि जनता अब सच्चाई को समझ चुकी है और अब उन्हें सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाने का काम करेगी। उन्होंने कहा कि जनता कांग्रेस में विश्वास जता रही है और आने वाले लोकसभा चुनाव व हरियाणा विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ही जीत का परचम लहराएगी।

इस दौरान सढौरा की विधायक रेनू बाला, पूर्व विधायक चरण सिंह, पूर्व मंत्री कृष्णमूर्ति हुड्डा, पूर्व मंत्री अतर सिंह सैनी, पूर्व विधायक बलवान सिंह दौलतपुरिया, पूर्व विधायक रणधीर सिंह धीरा, जगन्नाथ, डॉ. अजय चौधरी, आरके रंगा, हरियाणा कांग्रेस लीगल डिपार्टमेंट के अध्यक्ष लाल बहादुर खोवाल, मास्टर हरि सिंह, हरपाल सिंह, अरविंद शर्मा, रामनिवास राड़ा, भूपेंद्र सिंह गंगवा, बाला देवी खेदड़, एस. के. वर्मा, प्रताप सिंह पातड़, श्याम सुंदर बतरा, संदीप नेहरा, राजेश चाडीवाल, सतपाल चौहान, धर्मपाल गुप्ता, कृष्ण सातरोड, आनंद जाखड़, अजय खेड़ी बर्की, ईश्वर खेदड़, हरिकृष्ण प्रभुवाला, सुरेंद्र सैनी, शैलेश वर्मा, कुलबीर सोहेल व कुलबीर बामल सहित काफी गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button