परिजनों का आरोप- भट्‌ठा ठेकेदार ने साथियों संग शराब पिलाकर किया दुष्कर्म, पेड़ से लटकी मिलीं 2 नाबालिग बहनों की लाशें

Kanpur News: उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां 2 नाबालिग बहनों के शव मिलने से हड़कंप मच गया। दोनों शव पेड़ पर फंदे से लटके हुए थे। मृतकों के परिजन ईंट भट्टे पर मेहनत का काम करते हैं। परिजनों ने ठेकेदार और उसके साथियों पर गैंगरेप करने का आरोप लगाया है। मामले में शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर 3 आरोपियों को हिरासत में लिया है। पुलिस के एक अधिकारी का कहना है कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, रिपोर्ट आने के बाद ही मामले में अगली कार्रवाई की जाएगी।

पेड़ से लटके मिले 2 नाबालिग बहनों के शव
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, पूरा मामला कानपुर के घाटमपुर कोतवाली क्षेत्र का है। जहां घाटमपुर थाने से 20 किलोमीटर दूर एक गांव में राजा सिद्दीकी नाम के शख्स का ईंटों का भट्ठा है। इसी ईंट भट्ठे में हमीरपुर के निवासी कुछ परिवार मेहनत मजदूरी का काम करते हैं। इन्हीं परिवारों में से एक घर की दो नाबालिग बहनों के शव मिले हैं, जिनमें से एक की उम्र 14 और दूसरी की 16 साल बताई जा रही है। एक शख्स ने बताया कि जब वह खेत की तरफ जा रहा था तो उसने दोनों शव पेड़ पर लटके हुए देखे। उसने इस बात की सूचना तुरंत परिजनों को दी। जिसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचित किया और फिर मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

जानिए, क्या कहना है मृतक बहनों के परिजनों का?
बताया जा रहा है कि मृतक नाबालिग बहनों के परिजनों ने आरोप लगाया है कि ईंट-भट्ठे के ठेकेदार रामरूप और भट्ठे पर रहने वाले संजू और रज्जू ने नाबालिग लड़कियों को शराब पिलाकर उनके साथ दुष्कर्म किया। जिससे परेशान होकर बहनों ने आत्महत्या कर ली। वहीं इस मामले की जांच कर रहे डीसीपी का कहना है कि दो नाबालिग लड़कियों के पेड़ पर लटकने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। परिजनों ने जो शिकायत दी है उसके मुताबिक 3 नामजद लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। तीनों को हिरासत में ले लिया गया है और पूछताछ की जा रही है। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस व फॉरेंसिक टीम गंभीरता से मामले की जांच में जुट गई है।

NEWS SOURCE : punjabkesari

Related Articles

Back to top button