मनोनीत निगम पार्षद जसवंत पवार सैनी का समाजसेवी संस्थाओं द्वारा भव्य स्वागत एवं सम्मान समारोह संपन्न

Faridabad : 19 जुलाई। कनफेडरेशन ऑफ एनजीओज़ एवं फरीदाबाद की समस्त समाजसेवी संस्थाओं के संयुक्त तत्वावधान में, जिला रेड क्रॉस सोसाइटी, फरीदाबाद के सेक्टर 12 स्थित सभागार में, हाल ही में हरियाणा सरकार द्वारा मनोनीत निगम पार्षद बनाए गए श्री जसवंत पवार सैनी का भव्य स्वागत एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया।
इस गरिमामयी अवसर पर जिला रेड क्रॉस सोसाइटी, फरीदाबाद के सचिव श्री बिजेंद्र सिंह सौरव ने समारोह में पधारे सभी समाजसेवी संस्थाओं एवं प्रतिनिधियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया तथा अपने संबोधन में श्री जसवंत पवार सैनी को मनोनयन पर हार्दिक शुभकामनाएं प्रेषित कीं। उन्होंने कहा कि “समाज सेवा से जुड़े व्यक्तित्व को सरकार द्वारा पार्षद के रूप में प्रतिनिधित्व देना एक सराहनीय पहल है, जो जमीनी कार्यकर्ताओं को नई ऊर्जा प्रदान करता है।”
अपने संबोधन में श्री जसवंत पवार सैनी ने उपस्थित सभी सामाजिक संगठनों, रेड क्रॉस प्रशासन एवं पत्रकार बंधुओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा,
“यह पद मेरे लिए किसी उपलब्धि से अधिक जिम्मेदारी का प्रतीक है। मेरा सदैव प्रयास रहेगा कि समाज की भलाई के लिए पहले की तरह ही सक्रिय रहूं और आपके सहयोग से हर जरूरतमंद तक मदद पहुंच सके। यह सम्मान आप सभी की प्रेरणा और साथ का परिणाम है।”
कार्यक्रम का संचालन कनफेडरेशन ऑफ एनजीओज़ की ओर से श्री प्रवेश मलिक द्वारा किया गया, उनके साथ अनिल शर्मा एवं अंकुर शरण साथ रहे जिन्होंने उपस्थित सभी संगठनों, अतिथियों एवं मीडिया बंधुओं का आभार जताया। समारोह में फरीदाबाद की प्रमुख सामाजिक संस्थाओं, पर्यावरण कार्यकर्ताओं, युवा संगठनों एवं वरिष्ठ समाजसेवियों ने भाग लिया।




