Jharkhand Elections: अमित शाह की राहुल गांधी को चेतावनी, ‘आपकी चौथी पीढ़ी भी अनुच्छेद 370 को वापस नहीं ला सकती’

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर संविधान की “नकली” प्रति दिखाकर उसका अपमान करने और उसका मजाक उड़ाने का आरोप लगाया। शाह ने यह भी दावा किया कि भाजपा कभी भी कांग्रेस को अल्पसंख्यकों के लिए आरक्षण लागू करने की अनुमति नहीं देगी।

आपकी चौथी पीढ़ी भी अनुच्छेद 370 को वापस नहीं ला सकती
उन्होंने कश्मीर में अनुच्छेद 370 को बहाल करने के कथित प्रयासों के लिए कांग्रेस पर भी हमला किया। ​उन्होंने कहा, ”कश्मीर भारत का अभिन्न अंग है। मैं राहुल गांधी को चेतावनी देता हूं कि आपकी चौथी पीढ़ी भी अनुच्छेद 370 को वापस नहीं ला सकती है।” शाह ने झारखंड में झामुमो नीत सरकार पर भी निशाना साधा और उसे देश की ‘‘सबसे भ्रष्ट सरकार’’ करार दिया।

कांग्रेस पार्टी ने संविधान का मजाक उड़ाया
अमित शाह ने पलामू में भाजपा की एक रैली को संबोधित करते हुए आरोप लगाते हुए कहा, “राहुल गांधी संविधान की एक प्रति दिखाते हैं। दो दिन पहले ही उनकी पोल खुल गई थी। किसी को संविधान की एक प्रति मिल गई है, जिसे उन्होंने दिखाया है। उस प्रति के कवर पर भारत का संविधान लिखा हुआ था, जिसमें कोई भी सामग्री नहीं थी….संविधान का मज़ाक न उड़ाएं। यह आस्था और भरोसे का सवाल है। संविधान की नकली प्रति लहराकर आपने बी आर अंबेडकर और संविधान सभा का अपमान किया है। कांग्रेस पार्टी ने संविधान का मजाक उड़ाया है।”

कांग्रेस ओबीसी कोटा के खिलाफ
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 26 नवम्बर को संविधान दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया है। शाह ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ओबीसी, आदिवासियों और दलितों से आरक्षण छीनने पर तुली हुई है और इसे अल्पसंख्यकों को देने की योजना बना रही है। शाह ने कहा, “कांग्रेस ओबीसी कोटा के खिलाफ है, जब उलेमाओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने महाराष्ट्र में कांग्रेस नेताओं से मुलाकात की थी, तब उसने अल्पसंख्यकों को 10 प्रतिशत आरक्षण देने का वादा किया था। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भाजपा कभी भी धर्म आधारित आरक्षण की अनुमति नहीं देगी।”

हेमंत सोरेन पर साधा निशाना 
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, “मुख्यमंत्री कहते हैं कि घुसपैठ भाजपा का राजनीतिक एजेंडा है। मैं कहता हूं कि यह मुख्यमंत्री का बैंक है…भ्रष्ट नेताओं को उल्टा लटका दिया जाएगा।” 81 सदस्यीय झारखंड विधानसभा के लिए चुनाव 13 और 20 नवंबर को होंगे तथा मतों की गिनती 23 नवंबर को होगी।

NEWS SOURCE Credit : punjabkesari

Related Articles

Back to top button