फरीदाबाद में बना रिकॉर्ड: 24 घंटे में तैयार हुई नई स्लिप रोड, वर्षों पुराने जाम से मिलेगी राहत

एनआईटी-3 चौक पर अवैध निर्माण हटाने के बाद 10 मीटर चौड़ी और 90 मीटर लंबी सड़क वाहनों के लिए खोली गई

भावना कौशिश,फरीदाबाद। एनआईटी-3 चौक पर अवैध निर्माण हटाए जाने के बाद फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण (एफएमडीए) ने महज 24 घंटे के भीतर नई स्लिप रोड का निर्माण पूरा कर एक नया रिकॉर्ड कायम किया है। सोमवार सुबह से इस सड़क को वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिया गया, जिससे फरीदाबाद-गुरुग्राम मार्ग पर लगने वाले जाम से लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

शनिवार तड़के भारी पुलिस बल की मौजूदगी में अवैध निर्माण को हटाने की कार्रवाई की गई थी। इसके बाद खाली हुई जगह पर एफएमडीए ने तेजी से काम करते हुए 10 मीटर चौड़ी और 90 मीटर लंबी स्लिप रोड का निर्माण पूरा कर लिया।

रविवार को निगम की कई टीमें मलबा हटाने में जुटी रहीं। करीब 10 डंपरों की मदद से पूरे क्षेत्र को साफ किया गया। इसी दौरान एफएमडीए ने सड़क निर्माण की सामग्री भी मौके पर पहुंचा दी, ताकि निर्माण कार्य बिना किसी देरी के शुरू किया जा सके और दोबारा अतिक्रमण की संभावना न रहे।

स्थानीय लोगों के अनुसार एनआईटी-3 चौक लंबे समय से ट्रैफिक जाम की समस्या से जूझ रहा था। सड़क के आसपास हुए अतिक्रमण के कारण मार्ग काफी संकरा हो गया था, जिससे फरीदाबाद से गुरुग्राम आने-जाने वाले हजारों वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ता था। त्योहारों और शादी के सीजन में स्थिति और भी गंभीर हो जाती थी।

नई स्लिप रोड शुरू होने के बाद अब ट्रैफिक का दबाव कम होगा और वाहनों की आवाजाही अधिक सुगम होने की उम्मीद है। एफएमडीए अधिकारियों का कहना है कि यह सड़क क्षेत्र की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

Related Articles

Back to top button