फरीदाबाद में 15 जून से शुरू होगा मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान

22 दिसंबर 2026 तक चलेगा SIR, घर-घर जाकर होगा मतदाता सत्यापन; त्रुटिरहित सूची तैयार करने का लक्ष्य

भावना कौशिश,फरीदाबाद। जिले में मतदाता सूची को अधिक पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने के लिए 15 जून 2026 से विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision – SIR) अभियान शुरू किया जाएगा, जो 22 दिसंबर 2026 तक जारी रहेगा।

जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त आयुष सिन्हा ने जानकारी देते हुए बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर यह अभियान तीसरे चरण में फरीदाबाद में लागू किया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य मतदाता सूची को अद्यतन करना और यह सुनिश्चित करना है कि केवल पात्र नागरिकों के नाम ही सूची में शामिल रहें।

उन्होंने कहा कि संविधान के अनुच्छेद 326 के तहत केवल भारतीय नागरिक ही मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के पात्र हैं। आयोग का लक्ष्य है कि किसी भी अपात्र व्यक्ति का नाम सूची में न रहे, जबकि कोई भी पात्र नागरिक इससे वंचित न हो।

इस अभियान के तहत बूथ लेवल अधिकारी (BLO) घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे। इस दौरान मृत, स्थानांतरित या डुप्लीकेट नामों को सूची से हटाया जाएगा और सही रिकॉर्ड तैयार किया जाएगा। आवश्यक दस्तावेजों की जांच भी की जाएगी ताकि सूची पूरी तरह अपडेटेड और विश्वसनीय हो सके।

आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि किसी भी मतदाता का नाम बिना उचित जांच और सुनवाई का अवसर दिए प्रारूप सूची से नहीं हटाया जाएगा। यदि कोई व्यक्ति निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी (ERO) के निर्णय से असंतुष्ट होता है, तो वह जिला मजिस्ट्रेट और उसके बाद मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के समक्ष अपील कर सकता है।

इसके अलावा, अन्य राज्यों से स्थानांतरित होकर आने वाले नागरिकों को मतदाता पंजीकरण के लिए प्रपत्र-6 के साथ एक अतिरिक्त घोषणा-पत्र भी जमा करना होगा।

प्रशासन ने अपील की है कि सभी नागरिक इस अभियान में सहयोग करें ताकि जिले की मतदाता सूची पूरी तरह निष्पक्ष, सटीक और पारदर्शी बनाई जा सके।

Related Articles

Back to top button